logo

पड़ोसी ने नाबालिग को रांची से ले जाकर उत्तरप्रदेश के रेड लाइट एरिया में बेचा, ऐसे बरामद हुई लड़की

KUSI.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

सुखदेव नगर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को उसके पड़ोसी ने रेड लाइट एरिया में ले जाकर बेच दिया, हालांकि लड़की को सही सलामत बरामद कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक पड़ोसी ज्वाला प्रसाद ऊर्फ अभय ने नाबालिग को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के कसिया रेड लाइट एरिया में बेच दिया था।  आरोपी ज्वाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि 13 अगस्त को लड़की अपनी मामी के घर जाने के लिए निकली थी लेकिन, वापस नहीं लौटी। घरवालों ने उसे काफी खोजा लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पिता ने 14 अगस्त को सुखदेव नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि उसका पड़ोसी ज्वाला प्रसाद भी गायब है।

बहला फुसलाकर बेच दिया लड़की को

घरवालों से पूछताछ करने पर पता चला कि ज्वाला कहकर गया है कि वह जरूरी काम से बाहर जा रहा है। कुछ दिन बाद वापस आएगा। इसके बाद पुलिस ने उस पर नजर रखे हुए थी। दो दिन बाद जैसे ही ज्वाला घर लौटा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पहले तो उसने कहा कि वह लड़की को नहीं जानता। बाद में सख्ती से पूछने पर बताया कि लड़की को उसने कुशीनगर में बेच दिया है। इसके अलावा सुखदेव नगर थाने की एक टीम कसिया गई। वहां स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेड लाइट एरिया में छापेमारी की तो वहां रांची की लड़की के साथ कई और लड़कियां भी मिलीं। पुलिस ने कई और लड़कियों को भी वहां से छुड़ाया। पुलिस ने लड़की का मेडिकल जांच कराया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N